उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा तैयारियों पर सख्ती: मुख्य सचिव ने दिए विभागों को कड़े निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखण्ड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी विभागों को समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, पर्यटन, आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न विभागों से अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य सचिव ने पुलिस विभाग को जाम और भूस्खलन (स्लाइडिंग) संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही बड़े होल्डिंग एरिया विकसित कर यात्रियों के रुकने, भोजन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
यात्रियों को ट्रैफिक और मौसम की जानकारी वॉकी-टॉकी, SMS और व्हाट्सएप के माध्यम से देने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन के दौरान ‘सचेत ऐप’ डाउनलोड कराना अनिवार्य किया जाएगा।
आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मैसेजिंग सिस्टम का उपयोग बढ़ाने और आपात स्थिति में हेलीकॉप्टर के जरिए रेस्क्यू की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम में 15-15 दिन के रोटेशन पर डॉक्टर तैनात करने को कहा गया। 60 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं की अनिवार्य स्वास्थ्य जांच और विभिन्न स्थानों पर स्क्रीनिंग पॉइंट स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
सड़कों और बिजली-पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
राष्ट्रीय राजमार्ग, सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग को यात्रा शुरू होने से पहले सभी मार्गों की मरम्मत पूरी करने को कहा गया।
विद्युत विभाग को चारों धामों में निर्बाध बिजली आपूर्ति और विशेषकर केदारनाथ में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पेयजल आपूर्ति को भी सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया गया।
पर्यटन विभाग को यात्रा मार्गों पर सार्वजनिक सुविधाएं और साइनज विकसित करने के निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।
परिवहन विभाग को वाहनों के फिटनेस, ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड समय से जारी करने के निर्देश दिए गए, वहीं आपूर्ति विभाग को गैस, पेट्रोल-डीजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने सूचना विभाग को यात्रा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपक सेठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी मौजूद थे।




