उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ को दिखाई हरी झंडी।

संवादसूत्र देहरादून: राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का “उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक रुको मत” का संदेश युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा और देश की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। मुख्यमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों को सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ाना होगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने, अनुशासन अपनाने, शिक्षा और कौशल विकास पर ध्यान देने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, भाजपा के संगठन मंत्री अजेय कुमार, पार्टी पदाधिकारी एवं भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




