उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा से पहले गैस आपूर्ति दुरुस्त करने में जुटी सरकार, अतिरिक्त सिलेंडर की होगी मांग।

संवादसूत्र देहरादून: आगामी चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए राज्य सरकार ने एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की बढ़ती मांग का आकलन करते हुए केंद्र सरकार से अतिरिक्त आवंटन मांगने का निर्णय लिया गया।
बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों के साथ आपूर्ति, भंडारण और वितरण तंत्र की समीक्षा की गई।
अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल से नवंबर 2026 के बीच राज्य में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के लिए करीब 9.67 लाख एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता होगी। इसे ध्यान में रखते हुए अग्रिम योजना तैयार की गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कमी न हो।
सचिव ने तेल कंपनियों को निर्देश दिए कि गैस आपूर्ति हर हाल में सुचारू और निर्बाध बनी रहे। साथ ही, कालाबाजारी और ओवरचार्जिंग पर सख्त नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुष्कर सिंह धामी सरकार के निर्देशों के तहत विभाग द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अब तक हजारों निरीक्षण और कई छापेमारी की जा चुकी हैं, जिनमें अनियमितताओं पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारियां भी की गई हैं।
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।




