उत्तराखण्ड
कुंभ-2027 की तैयारियों को रफ्तार: मुख्यमंत्री ने केंद्र से मांगा सहयोग, लगंगा कॉरिडोर व मेट्रो विस्तार का प्रस्ताव।

संवादसूत्र देहरादून/नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर उत्तराखंड से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में प्रस्तावित गंगा कॉरिडोर परियोजना के लिए लगभग ₹325 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। साथ ही आगामी कुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण और प्रणाली के आधुनिकीकरण के लिए प्रथम चरण में ₹325 करोड़ तथा द्वितीय चरण में लगभग ₹425 करोड़ की स्वीकृति का भी आग्रह किया।
सीएम धामी ने हरिद्वार और ऋषिकेश में कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और शहरी अवसंरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री ने रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने तथा देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर के विकास का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से यातायात जाम में कमी आएगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।




