आपदा
दर्दनाक हादसा: बरसाती नाले में बहने से दो सगी मासूम बहनों की मौत।

संवादसूत्र देहरादून: क्लेमेंटटाउन क्षेत्र की नई बस्ती में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में बरसाती नाले के तेज बहाव में बहने से दो सगी मासूम बहनों की मौत हो गई। दोनों बच्चियां नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई थीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे क्लेमेंटटाउन थाने को सूचना मिली कि दुर्गा मंदिर, नई बस्ती के पास दो बच्चियां बरसाती नाले में बहकर रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया था, लेकिन डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। उनकी मां रीना कुमारी ने बताया कि दोनों बेटियां दोपहर में घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने गई थीं। इसी दौरान अचानक नाले का जलस्तर और बहाव तेज हो गया, जिससे दोनों बहकर रैंप के नीचे फंस गईं।
कुछ देर बाद तलाश करने पर बड़ी बेटी का पैर दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है और नई बस्ती में किराये के मकान में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता है। घटना के समय बच्चियों के पिता किसी काम से बिहार गए हुए थे। उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण नाले के तेज बहाव में बहकर रैंप के नीचे फंसने और डूबने से होना सामने आया है।




