उत्तराखण्ड
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जारी किया भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर,समूह ‘ग’ के 2000 से अधिक पदों पर होगी भर्ती।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने समूह ‘ग’ के 2000 से अधिक पदों पर आयोजित होने वाली 14 भर्ती परीक्षाओं का नया परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगामी महीनों में आयोजित की जाएगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा की तिथि भी आगे बढ़ा दी है। यह परीक्षा पहले 17 मई को प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसकी नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी। इस संबंध में आयोग ने आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया है।
बताया जा रहा है कि आयोग द्वारा विभिन्न परीक्षाओं के आयोजन, प्रशासनिक तैयारियों और अन्य तकनीकी कारणों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। नए कैलेंडर जारी होने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा संबंधी ताजा अपडेट और संशोधित कार्यक्रम के लिए आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें।




