उत्तराखण्ड
नीति आयोग की निर्यात तैयारी सूचकांक 2024 में उत्तराखंड अव्वल।
- छोटे राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल कर रचा इतिहास

संवादसूत्र देहरादून: नीति आयोग द्वारा जारी निर्यात तैयारी सूचकांक (Export Preparedness Index – EPI) 2024 में उत्तराखंड ने छोटे राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर देशभर में अपनी सशक्त पहचान बनाई है। यह उपलब्धि राज्य की निर्यातोन्मुख नीतियों, उद्योग अनुकूल वातावरण और मजबूत बुनियादी ढांचे का प्रमाण मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के निर्यात तैयारी सूचकांक 2024 में शीर्ष स्थान प्राप्त करना उत्तराखंड की उद्योग समर्थक सोच, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के प्रत्येक जिले के विशिष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना है, जिससे न केवल निर्यात में वृद्धि हो बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हों। उन्होंने कहा कि निर्यात आधारित विकास से राज्य की अर्थव्यवस्था और अधिक सशक्त होगी।
नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, निर्यात किसी भी अर्थव्यवस्था के विकास का प्रमुख इंजन होता है। इससे विदेशी मुद्रा अर्जन, वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में भागीदारी और व्यापार घाटे को कम करने में मदद मिलती है। इस सूचकांक में उत्तराखंड का शीर्ष स्थान राज्य को निवेश, औद्योगिक विस्तार और वैश्विक व्यापार के नए अवसरों की ओर ले जाने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह उपलब्धि आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में एक और मजबूत कदम के रूप में देखी जा रही है, जिससे राज्य देश के अग्रणी निर्यातक राज्यों की श्रेणी में तेजी से आगे बढ़ रहा है।




