उत्तराखण्ड
नरेंद्र नगर में 1.38 करोड़ से बनेगी पार्किंग, धनराशि जल्द जारी करने के निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून/नई टिहरी: नरेंद्र नगर में पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में मोटरनाला/पुलिस थाने के समीप प्रस्तावित पार्किंग के लिए 1.38 करोड़ रुपये की धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय वित्त समिति की बैठक में परियोजना के तकनीकी और वित्तीय पहलुओं की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या-1097/2021 के अंतर्गत प्रस्तावित इस परियोजना की कुल अनुमोदित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) लागत 138.20 लाख रुपये है। बैठक में संबंधित अधिकारियों को वित्तीय प्रक्रिया में तेजी लाने और आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि धनराशि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।
वित्त विभाग को जल्द धनराशि जारी करने के निर्देश
बैठक में पार्किंग निर्माण की वर्तमान स्थिति, लागत अनुमान, तकनीकी आवश्यकताओं और वित्तीय प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने वित्त विभाग को आवश्यक धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नरेंद्र नगर में प्रस्तावित पार्किंग परियोजना की विभागीय वित्त समिति में समीक्षा की गई है। आवश्यक धनराशि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों को मिलेगी राहत
नरेंद्र नगर में पर्यटन गतिविधियों और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा महत्वपूर्ण है। प्रस्तावित पार्किंग के निर्माण से स्थानीय नागरिकों और क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को वाहन खड़े करने के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे यातायात प्रबंधन को भी बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
राज्य सरकार का प्रयास है कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत धरातल पर उतारते हुए विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए। बैठक में संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने भी भाग लिया।



