उत्तराखण्ड
प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सीएम ने हरकी पैड़ी पर की गंगा आरती।

संवादसूत्र देहरादून/ हरिद्वार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के साथ ही देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने सरकार प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूरी की है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक से पहले कैबिनेट मंत्रियों के साथ गंगा पूजन एवं आरती में प्रतिभाग किया। इसके बाद गंगा तट पर स्थित मेला नियंत्रण भवन में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई।
जिलों में कैबिनेट बैठक आयोजित कर रही सरकार
धामी सरकार शासन को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के और अधिक निकट पहुंचाने के उद्देश्य से अलग-अलग जनपदों में मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित कर रही है। हरिद्वार में गंगा तट पर कैबिनेट बैठक का आयोजन इसी पहल का हिस्सा है। इसका उद्देश्य स्थानीय विकास, क्षेत्रीय आवश्यकताओं और जनहित से जुड़े विषयों को शासन स्तर पर प्राथमिकता देना है।
इससे पहले चम्पावत जिले के बनबसा में भी मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कैबिनेट बैठकें आयोजित कर स्थानीय जरूरतों को समझने और विकास से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी निर्णय लेने की प्रक्रिया को गति दी जाए।
हरिद्वार में आयोजित बैठक के माध्यम से राज्य सरकार ने शासन को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने और स्थानीय विकास से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने की अपनी पहल को आगे बढ़ाया।



