उत्तराखण्ड
यूएसडीएमए की आपदा प्रबंधन पहल की सेतु आयोग के सीईओ ने की सराहना, एसओपी और राज्य आपदा योजना की प्रतियां भेंट।

संवादसूत्र देहरादून:
देहरादून। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने मंगलवार को सचिवालय में सेतु आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शत्रुघ्न सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) द्वारा राज्य में आपदा जोखिम न्यूनीकरण, आपदा पूर्व तैयारी, क्षमता विकास और आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की।
बैठक में सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि यूएसडीएमए ने विभिन्न प्रकार की आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) तैयार की हैं। उन्होंने सेतु आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को बाढ़ प्रबंधन एसओपी, शीत लहर प्रबंधन एसओपी, वायु सेवा अनुरोध (एयर रिक्विजिशन) एसओपी, आपदा प्रबंधन हस्तपुस्तिका तथा राज्य आपदा प्रबंधन योजना (स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान) की प्रतियां भी भेंट कीं।
सेतु आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शत्रुघ्न सिंह ने यूएसडीएमए की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपदा जोखिम न्यूनीकरण और संस्थागत क्षमता विकास की दिशा में तैयार किए गए ऐसे मार्गदर्शी दस्तावेज राज्य के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर योजना और पूर्व तैयारी से आपदाओं के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
बैठक में यूएसडीएमए के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) एवं डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा, डॉ. शांतनु सरकार, डॉ. पी.डी. माथुर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।




