उत्तराखण्ड
टॉपर्स से सीधे जुड़े सीएम धामी, मेधावियों को दी बधाई और हौसला।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले अक्षत गोपाल, इशांत कोठारी, भूमिका एवं योगेश जोशी से संवाद कर उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इसी क्रम में उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली गीतिका पंत, सुशीला मेंहदीरत्ता, आर्यन तथा वंशिका से भी फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही छात्र-छात्राएं इस प्रकार की सफलता प्राप्त करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ें और राज्य व देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु निरंतर प्रयासरत है और मेधावी विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।




