Connect with us

पराग फार्म में बनेगी उत्तराखंड की पहली एविएशन एकेडमी, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश।

उत्तराखण्ड

पराग फार्म में बनेगी उत्तराखंड की पहली एविएशन एकेडमी, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में नागरिक उड्डयन विभाग की समीक्षा बैठक में राज्य में हवाई संपर्क को और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हेलीपोर्ट और हेलीपैड जीवनरेखा साबित होंगे, इसलिए पूरे प्रदेश को इन सुविधाओं से संतृप्त (सैचुरेट) करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाए। साथ ही देहरादून को सभी जिला मुख्यालयों से नियमित हवाई सेवा के माध्यम से जोड़ने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य सचिव ने पौड़ी जनपद को नियमित हवाई सेवा से जोड़ने तथा पर्यटन नगरी लैंसडाउन को भी हवाई संपर्क उपलब्ध कराने की संभावनाएं तलाशने को कहा। उन्होंने राज्य में पायलट प्रशिक्षण की व्यवस्था विकसित करने पर जोर देते हुए ऊधमसिंह नगर के पराग फार्म में उत्तराखंड की अपनी एविएशन एकेडमी स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) प्रणाली जल्द स्थापित करने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा। उन्होंने बताया कि एटीसी की स्थापना के लिए सिविल कार्य राज्य सरकार करेगी, जबकि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया तकनीकी सहयोग और मानव संसाधन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने यूकाडा को पूरे प्रदेश में एयर ट्रैफिक कंट्रोल तंत्र विकसित करने का लक्ष्य देते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

हवाई यात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्य सचिव ने प्रदेशभर में ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन (एडब्ल्यूएस) और पीटीजेड कैमरे स्थापित करने पर भी जोर दिया। इसके लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में दूरस्थ और कम सेवायुक्त क्षेत्रों तक हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर हेलीपोर्ट और हेलीपैड विकसित करने पर भी बल दिया गया। मुख्य सचिव ने गुंजी और आदि कैलाश में बढ़ती पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए वहां एयर स्ट्रिप अथवा हेलीपोर्ट विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार कार्य के साथ कुमाऊं क्षेत्र की समग्र हवाई कनेक्टिविटी की योजना तैयार की जाए। साथ ही केंद्र सरकार की उड़ान-2 योजना के तहत प्रदेश के सभी जिलों के लिए नए हवाई मार्गों का प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]